उल्हासनगर मनपा के नगर रचनाकार प्रकाश मुले अनियमितता के चलते मनपा से कार्यमुक्त

शुक्रवार दोपहर को किया गया कार्यमुक्त


उल्हासनगर : उल्हासनगर माहानगरपालिका के नगर रचनाकार प्रकाश मुले को उनके कार्यों में की गई अनियमितता के कारण मनपा आयुक्त अजीज शेख द्वारा शुक्रवार को कार्यमुक्त कर दिया गया। गौरतलब हो कि राष्ट्र कल्याण पार्टी के शैलेश तिवारी, स्वप्निल पाटिल व राहुल काटकर के साथ ही अन्य द्वारा मनपा में सरेआम नगर रचना विभाग में प्राइवेट लोगों के द्वारा काम कराए जाने की घटना को सामने लाया गया था और लगातार इस पर फॉलो अप चल रहा था। अंततः जाँच के दौरान इसके अलावा भी प्रकाश मुले के कामकाज में कई अनियमितताएं पाई गई जिसके कारण उन्हें नगर रचना से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।

मनपा आयुक्त अजीज शेख ने जांच के बाद यह पाया कि 2017 के डीपी प्लान के प्रावधानों को दरकिनार कर इमारतों का प्लान पास किया है। जिसमे नरेश वाधवानी व परमानंद कुकरेजा के निर्माण कार्यों के प्लान को मंजूरी देने में दोष सिद्ध हुआ है। वहीं तमाम ऐसे प्लान व कार्य बिना आयुक्त की मंजूरी के प्रकाश मुले द्वारा खुद ही मंजूर कर दिए गए। मनपा प्रशासक ने पाया कि प्रकाश मुले की अनियमितताओं के कारण तमाम मामले न्यायालय में गए जिसकी वजह से प्रशासन का समय व निधि दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

कोरोना के समय मे प्रीमियम शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी गई थी इस कार्य मे भी प्रकाश मुले द्वारा अनियमितता सामने आई है। मनपा के नगर रचना विभाग में बिना प्रशासन की मंजूरी के निजी कर्मचारियों को उन्होंने खुद से काम पर रखा हुआ था जिसका खुलासा शैलेश तिवारी, राहुल काटकर व प्रहार जनशक्ति पार्टी के स्वप्निल पाटिल द्वारा किया गया था जिसके बाद प्रकाश मुले व अन्य चार लोगों पर मध्यवर्ती पुलिस स्टेशन में एफआईआर भी दर्ज हुआ था जिसमे प्रकाश मुले का भ्रष्ट कारभार सामने आया था जिसकी अब भी जाँच शुरू है।

कोंकण विभाग के नगर रचना विभाग के संचालक, सह संचालक, नगर विकास मंत्रालय मुंबई में प्रकाश मुले के खिलाफ नागरिकों द्वारा कई शिकायतें दर्ज की गई हैं। इस तरह प्रकाश मुले की शिकायतों की लंबी फेहरिस्त होने के कारण उनके निराकरण के कारण समय की बड़ी बर्बादी हो रही है। साथ ही मुले द्वारा दी गई मंजूरियों की सहायक संचालक द्वारा फिर से जाँच की जा रही है, इसमें प्रकाश मुले कोई हस्तक्षेप न कर सकें इसके लिए मनपा आयुक्त अजीज शेख ने उन्हें शुक्रवार को कार्यमुक्त कर दिया। 


"राष्ट्र कल्याण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश तिवारी ने इस विषय पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आयुक्त अजीज शेख की प्रसंसा की वहीं यह भी कहा कि देर है पर अंधेर नही है।"


"राष्ट्र कल्याण पार्टी के महासचिव राहुल काटकर जिन्होंने निजी कर्मचारियों के मुद्दे को काफी आक्रामकता के साथ उठाया था उन्होंने भी आयुक्त की प्रसंसा की साथ ही यह भी कहा कि अब भी कई अधिकारी है जो उल्हासनगर शहर के विकास में रोड़ा बने हुए हैं उन्हें भी आयुक्त के द्वारा जल्द ही बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए।"


"प्रहार जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष एड. स्वप्निल पाटिल ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आयुक्त द्वारा इस निर्णय में थोड़ा देर हुई है लेकिन कार्रवाई हुई यह अच्छा है। अभी मनपा के पीडब्ल्यूडी विभाग की अनियमितता पर हमारी लड़ाई चल रही है और आयुक्त से अपेक्षा है कि जल्द ही इसके भी भ्रष्ट अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।"

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट