
शहर में बढ़ी पानी चोरी नागरिकों को नहीं मिल रहा है पानी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jun 11, 2024
- 259 views
भिवंडी। भिवंडी महानगर पालिका के जलापूर्ति विभाग में फैले भारी भष्ट्राचार के कारण यहां पर कई वर्षों से डाइंग साइजिग कंपनियों द्वारा पालिका के मुख्य जलवाहिनी में अवैध नल कनेक्शन कर पानी चोरी किया जा रहा था। जिसके कारण कई इलाकों में पानी की समस्या उत्पन्न हो चुकी है। प्रशासन इन इलाकों में टैंकर द्वारा पानी की सप्लाई करना शुरू किया था। पहाड़ी व स्लम बस्तियों में इसकी सबसे बड़ी समस्या थी। नागरिकों ने पानी की समस्या को लेकर पालिका मुख्यालय सहित आयुक्त कार्यालय का घेराव शुरू कर दिया था।
शहर के डाइंग साइजिग कंपनी मालिकों ने जलापूर्ति विभाग के भष्ट्र अधिकारियों से सांठगाठ कर नालों में पाइप लाइन डालकर मुख्य जलवाहिनी में अवैध कनेक्शन कर पानी चोरी करने की शिकायतें पालिका आयुक्त अजय वैद्य को मिली थी। तदुपरांत आयुक्त ने नियंत्रण अधिकारी सायरा अंसारी की नियुक्ति कर जलापूर्ति विभाग के प्रभारी शेखर चौधरी के नेतृत्व में उड़ान दस्ते का निर्माण किया और बड़े पैमाने पर नालों से पानी की पाइप लाइनों को काटा गया है। वही पर कई लोगों के खिलाफ उड़ान दस्ता प्रमुख विराज भोईर द्वारा पानी चोरी व सार्वजनिक संपत्ति नुकसान प्रकरण में स्थानीय पुलिस थानों में फौजदारी संहिता के तहत केस दर्ज कराया गया है। वही पर पालिका आयुक्त अजय वैद्य ने नागरिकों से पानी चोरी कर रहे लोगों के खिलाफ शिकायत करने की अपील की है। जिसके कारण पानी चोरों में हड़कंप मचा है।
रिपोर्टर