भिवंडी के अस्थायी 56 कुर्बानी केंद्रों पर 5148 जानवरों की कुर्बानी

भिवंडी। शहर में आज बकरीद का त्योहार बड़े हर्षोल्लास के साथ शांतिपूर्वक मनाया गया। पालिका ने जानवरों की कुर्बानी के लिए एक करोड़ 25 लाख 50 हजार खर्च कर सभी सुविधाओं से लैस 56 अस्थायी कुर्बानी सेंटर का निर्माण कराया है। बकरीद के पहले दिन पालिका के प्रभाग समिति क्रमांक एक से पांच अंर्तगत 5148 जानवरों की बलि दी गई जिसमें भैंसा,भेड़,बकरा जानवरों का समावेश था। कुर्बानी के पहले दिन पालिका प्रशासन को 10,29,200 रूपये का राजस्व उत्पन्न हुआ है। 

बतादें कि भिवंडी शहर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण यहां पर बड़े उत्साह के साथ बकरीद का पर्व मनाया जाता है। पालिका प्रशासन ने नागरिकों के लिए अस्थायी रूप से 56 कुर्बानी सेंटर का निर्माण कराया है। जहां पर जानवरों की बलि दी जा रही है।प्रशासन ने इन कुर्बानी सेंटरों पर पानी की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता, कीट नाशक दवाइयों के छिड़काव का पर्याप्त व्यवस्था की थी। साथ ही जानवरों के अवशेष को बंद वाहनों में ले जाकर ईदगाह स्लाटर हाउस में गड्ढे खोदकर दफन किया गया।

पालिका आयुक्त अजय वैद्य ने बकरीद के पूर्व कई बैठकें कर कुर्बानी सेंटरों का दौरा किया और पालिका अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने के लिए निर्देश दिया था। बकरीद के अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से शहर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग से 120 पशु चिकित्सा अधिकारियों एक दल भिवंडी के लिए तैनात किया था। जहां पर पशुओं की जांच कर कुर्बानी करायी गई। मनपा आयुक्त वैद्य ने शहर में बकरीद जैसे त्योहार को अच्छे से आयोजित करने के लिए कलेक्टर ठाणे, नवनिर्वाचित सांसद सुरेश (बाल्या मामा) म्हात्रे, विधायक रईस शेख,विधायक महेश चौगुले, साथ ही अन्य सभी जन प्रतिनिधियों और नागरिकों को धन्यवाद दिया है। शहर में इतने बड़े उत्सव को सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बहुत अच्छे ढंग से संपन्न कराया गया और उन्हें सौंपे गये कार्य भी सही ढंग से किया गया है। मनपा आयुक्त अजय वैद्य, अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके, उप स्वास्थ्य आयुक्त नयना ससाणे, सभी वार्ड अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी और एवं सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इसके लिए बधाई दी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट