
रमाकांत भोई ने भिवंडी पश्चिम से मांगा कांग्रेस का टिकट, समर्थकों में उत्साह
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 17, 2024
- 299 views
भिवंडी। भिवंडी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमाकांत काशीनाथ भोई ने भिवंडी पश्चिम विधानसभा सीट से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर कांग्रेस पार्टी में हलचल मचा दी है। अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस बार आयात उम्मीदवार पार्टी में नहीं चलेंगे और स्थानीय तथा पुराने कार्यकर्ताओं को ही मौका मिलना चाहिए। उनके इस बयान से कांग्रेस खेमे में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है।
रमाकांत भोई ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत 1978-79 में संजय गांधी द्वारा स्थापित युवक कांग्रेस से की थी। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं गुरुनाथ टावरे और वकार मोमिन के मार्गदर्शन में पार्टी की सदस्यता ली। 1981 में उन्हें युवक कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी के पद पर नियुक्त किया गया। इसके बाद से ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को बार-बार साबित किया।
रमाकांत भोई का राजनीतिक करियर विकास और जनसेवा पर केंद्रित रहा है।उन्होंने विशेष रूप से पिछड़े वर्गों, अनुसूचित जातियों और आदिवासी समुदायों के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उनकी अगुवाई में भिवंडी और आस-पास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ है। भोई ने विभिन्न सरकारी समितियों में भी अपनी भूमिका निभाई है, जिससे क्षेत्रीय विकास के कार्यों को गति मिली है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने जोर देते हुए कहा, "यह चुनाव मेरे लिए नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों और उनके विकास के लिए है। मैं हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।" उनके इस बयान से उनके समर्थकों में उत्साह और जोश की लहर दौड़ गई है। रमाकांत भोई के समर्थक उन्हें भिवंडी पश्चिम 136 विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का टिकट दिए जाने की पुरजोर मांग कर रहे हैं। क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता और विकास के लिए किए गए उनके प्रयासों के कारण उन्हें इस बार के चुनाव में प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
अब देखना यह है कि कांग्रेस पार्टी उनके इस दावे को कितना महत्व देती है और क्या उन्हें टिकट मिलता है या नहीं। लेकिन फिलहाल, रमाकांत भोई का नाम चुनावी चर्चा के केंद्र में बना हुआ है, और उनके समर्थक चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं।
रिपोर्टर