दो बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, एक महिला शामिल

भिवंडी। भिवंडी पुलिस ने अवैध रूप से भारत में घुसपैठ कर रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों से एक महिला सहित दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।दोनों के पास वैध यात्रा दस्तावेज नहीं थे और उन्होंने भारत में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपनी पहचान बनाई थी। पुलिस के मुताबिक कोनगांव पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत रांजनोली ग्राम पंचायत क्षेत्र में मुंबई-नाशिक हाईवे के पास बाबलेश शांताराम भोईर की चाल में एक बांग्लादेशी महिला के अवैध रूप से रहने की जानकारी पुलिस को मिली। भिवंडी अपराध शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए 42 वर्षीय नसरीनबानो रियाजुद्दीन खान नामक महिला को गिरफ्तार किया। महिला ने भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर बिना अनुमति किराए पर घर लिया हुआ था।

पुलिस ने उसके पास से फर्जी आधार कार्ड, राशन कार्ड, महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग का प्रमाणपत्र, भिवंडी महानगरपालिका का जन्म प्रमाणपत्र और पैन कार्ड बरामद किए हैं। ये दस्तावेज फर्जी तरीके से तैयार किए गए थे। इस मामले में कोनगांव पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीराज माली इस मामले की जांच कर रहे हैं। दूसरी घटना भिवंडी-ठाणे रोड स्थित काल्हेर इलाके की है। यहां शंकर अपार्टमेंट में प्लंबर का काम करने वाला 48 वर्षीय रहिम मोहम्मद शेख रह रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह बांग्लादेशी नागरिक है और अवैध रूप से भारत में रह रहा है। नारपोली पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।भिवंडी पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से भारत में घुसपैठ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को दें। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर बढ़ते अत्याचार के चलते कई लोग भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रहे हैं। भिवंडी पुलिस इन मामलों पर विशेष ध्यान दे रही है और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट