
50 हजार की रिश्वत लेते हुए सहायक आयुक्त और बीट निरीक्षक रंगेहाथ गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 18, 2025
- 545 views
भिवंडी। भिवंडी महानगरपालिका के प्रभाग समिति क्रमांक चार के सहायक आयुक्त सुनील भोईर और बीट निरीक्षक अमोल वारघड़े को मुंबई की भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह रिश्वत एक अवैध निर्माण पर कार्रवाई से बचाने के लिए मांगी गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रभाग समिति क्रमांक चार के अंतर्गत आने वाले हमालवाड़ा क्षेत्र में मुशीर मोमिन की संपत्ति पर अवैध निर्माण हो रहा था। इसे लेकर सहायक आयुक्त और बीट निरीक्षक ने 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता के साथ समझौता होने के बाद यह तय हुआ कि पहली किश्त के रूप में 50,000 रुपये दिए जाएंगे। इससे पहले शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निरोधक विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। विभाग ने शिकायत की जांच के बाद शनिवार को कार्रवाई की योजना बनाई। कार्यालय बंद होने के कारण आरोपी अधिकारी पास के सारिका होटल में पैसे लेने पहुंचे। जैसे ही शिकायतकर्ता ने उन्हें पैसे दिए, भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने बीट निरीक्षक अमोल वारघड़े को रंगेहाथ पकड़ लिया। सहायक आयुक्त सुनील भोईर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन टीम ने उन्हें भी पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को प्रभाग समिति के कार्यालय लाकर पूछताछ की गई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों के खिलाफ जल्द ही मामला दर्ज किया जाएगा।भिवंडी महानगरपालिका में पिछले कुछ समय से भ्रष्टाचार के मामलों में वृद्धि देखी गई है। पिछले साल भी इसी तरह की बड़ी कार्रवाई हुई थी। इस घटना के बाद महानगर पालिका के प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्टर