तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीन युवकों को मारी टक्कर, एक की मौत, दो घायल

भिवंडी। भिवंडी के दापोड़ा गांव स्थित अंजुर फाटा रोड पर साईराज होटल के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 18 वर्षीय युवक आदित्य हीरालाल कर्ण की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज नजदीकी आईजीएम अस्पताल में जारी है। पुलिस के अनुसार, हादसा 20 जनवरी 2025 की रात करीब डेढ़ बजे हुआ। मृतक आदित्य अपने दोस्त विवेक कुमार और गुडडू कुमार के साथ साईराज होटल के पास खड़ा था। तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आदित्य को गंभीर चोटें आईं और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।आईजीएम अस्पताल के डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह हादसा क्षेत्र में शोक और आक्रोश का कारण बना हुआ है। प्रशासन ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट