आंचल मिश्रा ने टीजीटी परीक्षा पास कर क्षेत्र का बढ़ाया मान
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Oct 17, 2026
- 6 views
हंसिया गांव की बेटी ने पहले ही प्रयास में हासिल की सफलता, परिवार में खुशी का माहौल
बरसठी (जौनपुर)। क्षेत्र के हंसिया गांव निवासी 28 वर्षीय आंचल मिश्रा ने उत्तर प्रदेश टीजीटी-2022 की हिंदी विषय की परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से आयोजित परीक्षा में उन्होंने 488 अंक प्राप्त किए। शुक्रवार शाम परिणाम घोषित होते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। उनकी सफलता पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
आंचल की इस उपलब्धि से परिजनों और गांव के लोगों में उत्साह है। परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उनके इंटर कॉलेज में अध्यापक बनने का रास्ता प्रशस्त हुआ है। आंचल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े पिता कैलाश नाथ मिश्रा, पिता अम्बिका प्रसाद मिश्रा, बड़ी माता ब्रह्मदेई, माता सुमन मिश्रा, बड़े भाई एवं पत्रकार गौरव मिश्रा और भाई पीयूष मिश्रा को दिया। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।
मीडिया से बातचीत में आंचल ने बताया कि इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर तैयारी का योगदान है। उन्होंने करीब एक वर्ष तक प्रयागराज में रहकर कोचिंग की और परीक्षा की तैयारी में जुटी रहीं। पहले ही प्रयास में सफलता मिलने से उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिणाम की जानकारी मिलते ही उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
आंचल ने कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए उन्होंने पूरी लगन से मेहनत की। इस दौरान परिवार का भरपूर सहयोग मिला, जिसने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनकी सफलता से हंसिया गांव में खुशी का माहौल है। आंचल की उपलब्धि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है।


रिपोर्टर