भिवंडी में भरोसे का खून ! शादी का झांसा देकर दो युवतियों की अस्मिता लूटी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 24, 2025
- 391 views
वाट्शाप पर बदनामी, लाॅज में हैवानियत
प्यार की आड़ में अपराध की दास्तान
भिवंडी। शहर में महिलाओं की अस्मिता को रौंदने वाली दो शर्मनाक घटनाओं ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। नारपोली पुलिस थाना क्षेत्र में दो युवतियों को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के मामले सामने आए है। पुलिस ने दोनों मामलों में गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहली घटना में 19 वर्षीय मुंबई निवासी युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी शर्शी मारू ने उसे शादी का झांसा देकर मानकोली स्थित एक होटल में उसकी अस्मिता लूटी। युवती का आरोप है कि आरोपी पहले से शादीशुदा था, बावजूद इसके उसने झूठ बोलकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। नारपोली पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच का जिम्मा पुलिस उपनिरीक्षक महेश कुमार महादावाड को सौंपा गया है। दूसरी घटना भिवंडी के ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी है, जहां की 19 वर्षीय युवती को रायगढ़ निवासी महेश गणेश शेलार ने शादी का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने भिवंडी के शिव सागर लॉज समेत पेन क्षेत्र के एक लॉज में उसका शोषण किया। यही नहीं, आरोपी ने पीड़िता का फोटो व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाकर उसे बदनाम किया और किसी और से शादी न करने की धमकी भी दी। इस मामले में नारपोली पुलिस ने शेलार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(छ), 417, 500, 506 तथा पॉक्सो अधिनियम 2012 की धाराएं 4, 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक विजय कोली कर रहे हैं।


रिपोर्टर