भिवंडी में दिनदहाड़े चैन स्नैचिंग, महिला से 90 हजार की सोने की चेन लूटी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 14, 2025
- 122 views
नारपोली पुलिस में मामला दर्ज, आरोपी फरार
भिवंडी। नारपोली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चैन स्नैचिंग की वारदात से सनसनी फैल गई। घटना 13 अगस्त की दोपहर करीब 4 बजे मानकोली नाका इलाके में हुई, जहां दो अज्ञात बदमाशों ने 57 वर्षीय महिला से सोने की चेन छीन ली। पुलिस के अनुसार, पीड़िता सीमा बाबूराज कुरूंबूर, निवासी अप्पर लोढा, मानकोली, रोजमर्रा की तरह टहल रही थीं। तभी काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक तेज रफ्तार से आए और उनके गले से करीब 90 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पहले आरोपी की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। उसकी लंबाई करीब 5 फुट 6 इंच, शरीर मध्यम, काले रंग का रेनकोट, हेलमेट और पैरों में बूट पहने हुए था। दूसरा आरोपी करीब 5 फुट 7 इंच लंबा, फूल प्रिंट की शर्ट, काले रंग की पैंट, हेलमेट और बूट पहने हुए था। दोनों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने नारपोली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309 (4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है। इस घटना की जांच पुलिस उप निरीक्षक आकाश पवार कर रहे है.


रिपोर्टर