भिवंडी-कल्याण रोड पर ट्रैफिक का नया अड्डा: आनंद होटल और वेलकम होटल
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 28, 2025
- 278 views
भिवंडी। शहर में ट्रैफिक की समस्या दिन-प्रतिदिन विकराल होती जा रही है। खासकर भिवंडी-कल्याण रोड पर स्थित आनंद होटल और वेलकम होटल देर रात नागरिकों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। ग्राहकों की गाड़ियों की पार्किंग की कोई ठोस व्यवस्था न होने से सड़क पर जबरदस्त जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। होटल के अंदर से ज्यादा ग्राहक बाहर खड़े दिखाई देते हैं, जिससे आवाजाही बाधित होती है।
नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन और स्थानीय पुलिस इस गंभीर समस्या पर आंखें मूंदे बैठी है। प्रभाग समिति क्रमांक दो और तीन की सीमा में आने वाले ये दोनों होटल न केवल ट्रैफिक जाम का कारण बन रहे हैं, बल्कि पानी की सप्लाई पर भी संदेह खड़ा कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इन होटलों में अवैध नल कनेक्शन होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। दरअसल, हर दिन दोनों होटलों में लाखों लीटर पानी का इस्तेमाल किया जाता है। सवाल यह उठता है कि जब आम नागरिकों को पीने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता, तो आखिर इतना पानी इन होटलों तक पहुंचता कहां से है? प्रत्यक्ष स्थिति देखने से यह संदेह और गहराता है।नागरिकों ने मांग की है कि पालिका प्रशासन और जल विभाग तुरंत जांच करें और अवैध कनेक्शन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करें। अन्यथा यह समस्या आने वाले दिनों में और विकराल रूप धारण कर सकती है। फिलहाल, प्रशासन की चुप्पी और पुलिस की अनदेखी से नागरिकों में आक्रोश है।


रिपोर्टर