अमृत वाटिका अभियान के तहत 500 पौधे लगाए गए
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Sep 12, 2025
- 54 views
बरसठी (जौनपुर)। विकासखंड बरसठी के ग्राम पंचायत लखराव में शुक्रवार को अमृत वाटिका अभियान के अंतर्गत विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीडीओ बरसठी वर्षा बैंग, एपीओ, तकनीकी सहायक, ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और वृक्षारोपण में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
इस अवसर पर 150 करौंदा के पौधे बाड़ के रूप में रोपे गए, जिससे प्राकृतिक सुरक्षा कवच तैयार हो सके। इसके अलावा 350 फलदार वृक्षों का भी रोपण किया गया, जिनमें आम, अमरूद व आंवला प्रमुख रूप से शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले वर्षों में अमृत वाटिका से ग्रामीणों को ताजा व पौष्टिक फल प्राप्त होंगे।
करौंदा के पौधे जहां पशुओं से फसलों की सुरक्षा करेंगे, वहीं इनके फल ग्रामीणों के लिए आय का साधन भी बनेंगे। भविष्य में इस पहल को स्वयं सहायता समूहों से जोड़े जाने की योजना है। समूह की महिलाएं वृक्षों की देखरेख, फल संग्रहण और विपणन का कार्य करेंगी, जिससे उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता दोनों दिशा में लाभ मिलेगा।
बीडीओ वर्षा बैंग ने ग्रामीणों से अपील की कि हर नागरिक वृक्षों की देखभाल को अपनी जिम्मेदारी समझे और अमृत वाटिका अभियान को सफल बनाने में योगदान दे। उनका कहना था कि वृक्षारोपण से न केवल हरियाली बढ़ेगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण के साथ गांव का आर्थिक विकास भी सुनिश्चित होगा।


रिपोर्टर