आइजीआरएस निस्तारण के दौरान भड़का जमीनी विवाद, लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Sep 19, 2025
- 98 views
दो भाई हुए जख्मी मामला दर्ज
बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के बड़ेरी (गोरहिया) गांव में शुक्रवार को आइजीआरएस पर दर्ज शिकायत के निस्तारण के दौरान जमीन विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। लेखपाल की मौजूदगी में ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के राजकुमार प्रजापति और शिवम दूबे के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी मामले को लेकर शिवम दूबे और उनके भाई मुकेश दूबे ने आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के निस्तारण के लिए शुक्रवार को जब लेखपाल मौके पर पहुंचे, तभी माहौल बिगड़ गया।
आरोप है कि राजकुमार प्रजापति, जो सफाईकर्मी हैं, अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नाराज होकर दोनों भाइयों पर टूट पड़े। लाठी-डंडों से हुए हमले में शिवम दूबे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, वहीं भाई मुकेश दूबे का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अमरेंद्र पाण्डेय ने बताया कि जमीनी विवाद में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस बल की तैनाती से हालात सामान्य हो गए हैं।


रिपोर्टर