बरसठी थाना परिसर में महिलाओं को किया गया जागरूक, सीएम योगी ने दिया सशक्तिकरण का संदेश

बरसठी (जौनपुर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शनिवार को प्रदेशभर के थानों में महिलाओं के जागरूकता एवं सशक्तिकरण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में थाना बरसठी परिसर में भी कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने उपस्थित महिलाओं एवं बच्चियों का स्वागत कर उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित करने के साथ की। इसके उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महिला सशक्तिकरण संबंधी विचारों एवं संदेश का वर्चुअल प्रसारण कराया गया, जिसे महिलाओं एवं बच्चियों ने बड़ी उत्सुकता के साथ सुना। थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चियां, आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, स्वयंसेवी संस्थाओं की कार्यकर्त्रियां तथा क्षेत्र की ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए जलपान की उत्तम व्यवस्था भी की गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज के हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा जब महिलाएं स्वयं आगे आकर उन्हें अपनाएंगी। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस हमेशा तत्पर है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर तत्काल पुलिस से संपर्क करें। साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी—1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला समग्र हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) के साथ अन्य सरकारी योजनाओं का भी विवरण साझा किया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, सरकारी योजनाओं का लाभ और समाज में महिलाओं की भागीदारी पर विस्तृत चर्चा हुई। महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और पुलिस-प्रशासन से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से कराए जाने की मांग की।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट