बरसठी थाना परिसर में साइबर ऑफिस का शुभारंभ, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुविधा
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Sep 27, 2025
- 63 views
जौनपुर (बरसठी)। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को बरसठी थाना परिसर में साइबर ऑफिस का शुभारंभ किया गया। थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने फीता काटकर इस कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके साथ ही बरसठी क्षेत्र के लोगों को अब साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों के लिए जनपद मुख्यालय तक भटकना नहीं पड़ेगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई अब थाना स्तर पर ही की जाएगी और पीड़ितों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन धोखाधड़ी, ठगी या साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज की जा सकती है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि बदलते दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। लोग मोबाइल फोन, इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में सतर्क रहना सबसे बड़ा बचाव है। किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल या लालच देने वाले संदेश पर भरोसा न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे कारगर तरीका है। साइबर ऑफिस की शुरुआत से अब बरसठी क्षेत्र के आम नागरिकों को अपने थाने पर ही इस तरह की शिकायतों के समाधान की सुविधा उपलब्ध होगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से साइबर अपराधियों पर नकेल कसने में आसानी होगी और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सकेगा।


रिपोर्टर