सड़क हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत, पहचान के लिए पुलिस ने जनता से की अपील
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Oct 30, 2025
- 49 views
बरसठी (जौनपुर), 30 अक्टूबर। मड़ियाहूँ–मछलीशहर मार्ग पर ग्राम उतराई के समीप हुई सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सिकरारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, जौनपुर भेज दिया गया है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटना के संबंध में मु.अ.सं. 370/25 धारा 281/1250/125(बी)/106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक पुरुष की उम्र लगभग 60 वर्ष, ऊंचाई करीब 5 फुट 6 इंच, रंग गेहुँआ तथा शारीरिक बनावट सामान्य है। चेहरा गोल, आंखें जाख रंग की हैं। दोनों घुटनों पर गहरी खरोंचें तथा बायीं आंख के ऊपर ललाट पर गंभीर चोट के निशान हैं। दाहिने हाथ की कलाई के पास भी गहरा घाव पाया गया है। मृतक ने हल्के कथई रंग की फुलबांह शर्ट या टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर “अवधेश प्रजापती, भावी सांसद, गोण्डा लोकसभा” लिखा हुआ है। नीचे नीले रंग की फुल लोअर पहनी थी, जिस पर जगह-जगह पीली पट्टियाँ छपी हुई हैं। शरीर पर जनेऊ भी पाया गया है।
थाना सिकरारा पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक की पहचान या उसके संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना सिकरारा, जौनपुर से संपर्क करें। जानकारी देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस अधिकारियों से संपर्क हेतु मोबाइल नंबर — विवेचक उपनिरीक्षक दिनेश कुमार 7880738219, प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह 9454403631 तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह 9454401631 जारी किए गए हैं। थाना सिकरारा पुलिस ने कहा कि जनता के सहयोग से किसी परिवार को अपने लापता परिजन से मिलने में मदद मिल सकती है।


रिपोर्टर