भिवंडी-चिंचोटी सड़क मरम्मत के नाम पर करोड़ों का घोटाला

कांग्रेस नेता ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग


भिवंडी। भिवंडी-चिंचोटी मार्ग के मरम्मत कार्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ठाणे ग्रामीण कांग्रेस के महासचिव पंकज अशोक गायकवाड़ ने सार्वजनिक बांधकाम विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए ठाणे जिलाधिकारी और भ्रष्टाचार निर्मूलन समिति के जिला अध्यक्ष को लिखित शिकायत सौंपी है।गायकवाड़ ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पिछले कुछ वर्षों में भिवंडी-चिंचोटी सड़क की मरम्मत के नाम पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च दिखाए गए हैं, जबकि सड़क की हालत आज भी बदतर बनी हुई है। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ा डामर और टूटी सड़कों के कारण वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है। बरसात के दौरान स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि यह मार्ग नागरिकों के लिए खतरा बन जाता है।बकांग्रेस नेता ने बताया कि दिसंबर 2023 में 23 करोड़, जुलाई 2024 में 31 करोड़ 65 लाख, वर्ष 2024-25 में 25 करोड़ 30 लाख, वर्ष 2023-24 में 70 लाख तथा 4 करोड़ 83 लाख रुपये तक सड़क मरम्मत कार्यों के नाम पर खर्च दर्शाया गया है। इतने बड़े खर्च के बावजूद सड़क पर वास्तविक कार्य नजर नहीं आता।गायकवाड़ का आरोप है कि ये मरम्मत कार्य केवल कागजों पर किए गए हैं। अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से फर्जी बिल तैयार कर सरकारी धन की भारी हेराफेरी की गई है। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की जाए तथा दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस प्रकरण में सार्वजनिक बांधकाम विभाग भिवंडी से संपर्क किया गया किन्तु उनसे संपर्क नहीं हो सका। वही पर गायकवाड़ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर जोरदार जनआंदोलन करेगी। इस खुलासे से स्थानीय नागरिकों में भी आक्रोश है और वे अब पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट