मी भिवंडीकर कैलेंडर का विमोचन समारोह संपन्न
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 19, 2025
- 597 views
भिवंडी। ख़बर-दर-ख़बर मीडिया ग्रुप द्वारा आगामी कैलेंडर वर्ष 2026 के लिए प्रकाशित कैलेंडर ‘मी भिवंडीकर’ का विमोचन समारोह बाग-ए-फ़िरदौस परिसर के पास स्थित सनोबर हॉल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भिवंडी परिमंडल-2 के पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे के कर-कमलों से किया गया। इस अवसर पर भिवंडी पश्चिम के सहायक पुलिस आयुक्त विजय मराठे, भिवंडी के सब रजिस्ट्रार इंद्रवदन सोनवणे,डेवलपर दुर्राज कामनकर, प्रसिद्ध कपड़ा व्यापारी हाजी यार मोहम्मद खान, सेंट्रल पब्लिक स्कूल के संस्थापक अयाज़ खान और प्रवीण कुमार उर्फ़ राजू श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भिवंडी के पूर्व विधायक रशीद ताहिर मोमिन ने की, हालांकि आचार संहिता लागू होने के कारण उन्होंने मंच पर आने के बजाय दर्शक दीर्घा में बैठना उचित समझा।रशीद ताहिर मोमिन ने अपने उद्बोधन में ख़बर-दर-ख़बर मीडिया ग्रुप के प्रधान संपादक मुनीर अहमद मोमिन की बेबाक और निडर पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज और सरकार को आईना दिखाने वाले पत्रकार हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी निष्पक्षता और साहस के साथ पत्रकारिता करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे ने कैलेंडर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कैलेंडर के बिना इतिहास और समय नियोजन की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि सूर्य और चंद्रमा की गति के आधार पर बने कैलेंडर ने मानव समाज को योजनाबद्ध जीवन जीने की दिशा दी है। कैलेंडर के माध्यम से वर्ष, माह, सप्ताह, दिन और समय का सही नियोजन संभव होता है। आकर्षक और भिवंडी की पहचान को दर्शाने वाले इस कैलेंडर के प्रकाशन पर उन्होंने ख़बर-दर-ख़बर मीडिया ग्रुप को शुभकामनाएं दीं।
भिवंडी पश्चिम के सहायक पुलिस आयुक्त विजय मराठे ने अख़बार की टैगलाइन ‘पत्रकारों दलाली छोड़ो, दलालों पत्रकारिता छोड़ो’ की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर अच्छी हिंदी में समाचार देने वाला अख़बार समाज के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने अख़बार के लोकप्रिय कॉलम ‘फटे में टांग’ की प्रशंसा करते हुए प्रधान संपादक मुनीर अहमद मोमिन की पारदर्शिता और स्पष्टवादिता की तारीफ की। समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों और शहर के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों का शाल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत और सम्मान किया गया। वरिष्ठ पत्रकार संजय भोईर, महेंद्र सरोज गुड्डू, फहीम अंसारी, मोनिश गायकवाड़, अनिल गजरे और नरेश पाटिल को सम्मानित किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से पधारे युवा पत्रकार उमेश गुप्ता को भी पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे के हाथों सम्मानित किया गया।


रिपोर्टर