भिवंडी में अवैध बैनर और अतिक्रमण पर मनपा की सख्त कार्रवाई शुरू
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 11, 2025
- 86 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगर पालिका प्रशासन ने शहर में तेजी से बढ़ रहे अतिक्रमण और अवैध बैनर-पोस्टरों के खिलाफ युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया है। पालिका क्षेत्र के फुटपाथों और मुख्य मार्गों पर जगह-जगह लगाए गए पोस्टर, बैनर और होर्डिंग अब पालिका के निशाने पर है। प्रभाग स्तर से लेकर मुख्यालय तक चल रही इस कार्रवाई से शहर के व्यापारियों और राजनीतिक संगठनों में हड़कंप मचा हुआ है।
पालिका आयुक्त अनमोल सागर को लगातार नागरिकों से अवैध निर्माण और अतिक्रमण की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इस पर उन्होंने उपायुक्त विक्रम दराडे को तत्काल सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। आदेश के बाद सभी प्रभागों के सहायक आयुक्तों और शहर विकास विभाग के अतिक्रमण पथक प्रमुख अरविंद घुगरे को भी सक्रिय कर दिया गया है। कार्रवाई में फुटपाथों से दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण हटाए जा रहे है, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए बैनर और पोस्टर भी हटाए जा रहे है।पालिका प्रशासन का कहना है कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है। नगर पालिका के इस कदम से जहां नागरिकों में संतोष देखा जा रहा है, वहीं कई अतिक्रमणकारियों में बेचैनी बढ़ गई है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि अब भिवंडी में अवैध अतिक्रमण या बैनरों के लिए कोई रियायत नहीं दी जाएगी।


रिपोर्टर