सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर निकली भव्य तिरंगा यात्रा

बरसठी (जौनपुर)। भारत के लौहपुरुष, स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को ग्राम पंचायत हसिया पंचायत भवन से एक भव्य यूनिटी मार्च एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा हसिया पंचायत भवन से प्रारंभ होकर बरसठी बाजार, बरसठी चौराहा होते हुए मनिपुर तिराहा तक निकाली गई। तिरंगा यात्रा में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर देश की एकता, अखंडता और समरसता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी तिरंगा हाथ में लिए “भारत माता की जय” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर रहे थे। बरसठी बाजार तिरंगे झंडों, रंग-बिरंगे बैनरों और देशभक्ति के गीतों से सजा हुआ था। यात्रा के मार्ग में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभागियों का स्वागत कर सरदार पटेल के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र के मंत्री सन्तोष पटेल ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में बांधकर भारत को अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उनका जीवन देश की एकता और अखंडता का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि आज के इस यूनिटी मार्च के माध्यम से हम सबको उनके विचारों और योगदान को याद कर प्रेरणा लेनी चाहिए। मछलीशहर के पूर्व सांसद बी.पी. सरोज ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन सादगी, समर्पण और दृढ़ संकल्प से भरा था। उन्होंने अपने अथक प्रयासों से भारत की नींव को मजबूत किया। जिला अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने कहा कि लौहपुरुष पटेल ने जिस तरह कठिन परिस्थितियों में देश को एकसूत्र में बांधा, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर ने कहा कि आज देश को उनकी नीतियों और सिद्धांतों को अपनाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष ब्रह्मदेव मिश्रा, जिला कार्यसमिति अध्यक्ष राजबहादुर सिंह, जिला मंत्री कमलेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र शुक्ला, पूर्व विधायक सुषमा पटेल, जिला पंचायत सदस्य कैलाश दुबे, मंडल अध्यक्ष रमेश मौर्य, मेहिलाल गौतम, रमेश दुबे, रमाशंकर गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष के.पी. मिश्रा, नीतीश बिंद, प्रमोद सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन स्कंद पटेल ने किया जबकि कार्यक्रम का संचालन के.पी. मिश्रा ने किया। उन्होंने प्रभावशाली ढंग से कार्यक्रम का संचालन करते हुए सरदार पटेल के योगदान पर प्रकाश डाला और उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। स्कंद पटेल ने कहा कि सरदार पटेल के अथक प्रयासों के कारण आज भारत एक सशक्त राष्ट्र के रूप में खड़ा है। उन्होंने कहा कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाना और सरदार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के समापन पर सभा का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को राजनीतिक और भौगोलिक रूप से जोड़ने का जो महान कार्य किया, वह इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। उन्होंने न केवल देश की रियासतों को एकजुट किया, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था को भी नई दिशा दी। सभा में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे देश की एकता, अखंडता और संविधान की मर्यादा की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जयघोष के साथ हुआ। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और सरदार पटेल अमर रहें के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। बच्चे, युवा और महिलाएं देशभक्ति के जोश में झूम उठे। तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र में एकता और गौरव का संदेश दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट