19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Nov 12, 2025
- 395 views
बरसठी (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के चतुर्भुजपुर बनपुरवा गांव में बुधवार दोपहर एक 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, चतुर्भुजपुर बनपुरवा निवासी विशाल पाल (19) पुत्र देवराज पाल ने बुधवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे अपने ही घर में लोहे के एंगल के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक के पिता देवराज पाल रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहते हैं, जबकि विशाल अपनी मां के साथ गांव में ही रहता था।
घटना के समय उसकी मां खेत में काम करने गई थी। दोपहर में जब वह घर लौटी तो बेटे को फंदे पर झूलता देख उनके होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों का कहना है कि न तो किसी प्रकार का विवाद हुआ था और न ही कोई ऐसी बात थी जिससे तनाव का अंदेशा लगे। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।


रिपोर्टर