तेज रफ्तार कार ने शादी में जा रहे परिवार की बाइक में मारी टक्कर, 6 वर्षीय अनन्या की मौत
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Dec 01, 2025
- 209 views
महिला व उसका पति गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल रेफर
जौनपुर/बरसठी। अचानकनगर पेट्रोल पंप के पास सोमवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। सुरियावां में शादी समारोह में जा रहे बाइक सवार दंपती और उनकी बच्ची को तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित कार ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे में लगभग छह वर्षीय बच्ची अनन्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला आरती और उसका पति पंकज सहित एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते मिले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार निगोह की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और उसने सामने से आ रही बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। घायल दंपती खून से लथपथ सड़क पर पड़े मिले, वहीं मासूम अनन्या निर्जीव अवस्था में पड़ी थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला, लेकिन तब तक अनन्या की सांसें थम चुकी थीं।
सूचना पर बरसठी थाना प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बरसठी भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में भेज दिया।
मृतक अनन्या के शव का पंचनामा कर पुलिस ने पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।


रिपोर्टर