भिवंडी में सड़क चौड़ीकरण से प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 09, 2025
- 242 views
विधायक रईस शेख ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
भिवंडी। भिवंडी पूर्व विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी विधायक रईस शेख ने नागपुर में चल रहे शीतकालीन अधिवेशन के दौरान भिवंडी में सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित संपत्ति मालिकों को उचित मुआवजा दिए जाने की जोरदार मांग विधानसभा में उठाई। उन्होंने कहा कि बिना मुआवजा दिए की जा रही कार्रवाई से नागरिकों में भारी असंतोष है।विधायक रईस शेख ने सरकार का ध्यान दिलाते हुए बताया कि ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो परियोजना को सुगम बनाने और शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने के उद्देश्य से भिवंडी में विकास योजना के तहत 36 मीटर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया गया है। इस चौड़ीकरण में बड़ी संख्या में नागरिकों की संपत्तियां प्रभावित हुई हैं। इसके बावजूद भिवंडी निजामपुर मनपा द्वारा अब तक प्रभावित संपत्ति धारकों को किसी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों ने विकास कार्यों में सहयोग किया, लेकिन मनपा प्रशासन ने मुआवजे को लेकर कोई ठोस नीति तय किए बिना ही कार्रवाई कर दी। इससे आम नागरिकों में रोष व्याप्त है। विधायक ने मांग की कि जिन लोगों के घर या दुकानें प्रभावित हुई हैं, उनके लिए टाटा आमंत्रा में वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जाए।रईस शेख ने यह भी स्पष्ट किया कि मुआवजा केवल जमीन मालिकों तक सीमित न रहकर उस जमीन पर निर्मित संपत्ति के धारकों को भी समान रूप से मिलना चाहिए। साथ ही सरकारी जमीन पर बनी संपत्तियों के धारकों को भी मुआवजे के दायरे में शामिल किया जाए। विधायक ने प्रस्ताव रखा कि मुंबई में एमएमआरडीए द्वारा अपनाए गए मुआवजा पैटर्न के आधार पर ही भिवंडी के प्रभावित नागरिकों को मुआवजा दिया जाए, जिससे उन्हें न्याय मिल सके। उन्होंने सरकार से इस गंभीर मुद्दे पर एक सप्ताह के भीतर संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक बुलाने की भी मांग की। रईस शेख की इस मांग के बाद भिवंडी के प्रभावित नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है और अब सभी की नजरें सरकार के फैसले पर टिकी हैं।


रिपोर्टर