1 जनवरी से लगेगा आनलाइन हाजिरी -डीएम
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Dec 29, 2025
- 62 views
रोहतास। जिला पदाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचल अधिकारी (CO) एवं विभिन्न बिहार सरकार कार्यालयों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यालयों में उपस्थिति व्यवस्था, कार्य संस्कृति एवं प्रशासनिक अनुशासन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि दिनांक 1 जनवरी 2026 से रोहतास जिले के सभी बिहार सरकार कार्यालयों में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि बायोमेट्रिक प्रणाली से पारदर्शिता, समयपालन एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी, जिससे आम जनता को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने सभी BDO, CO एवं SDO को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यालयों में बायोमेट्रिक मशीन की स्थापना, तकनीकी तैयारी एवं कर्मियों को जागरूक करने की प्रक्रिया समय रहते पूर्ण कर लें।
श्रीमती उदिता सिंह ने यह भी निर्देश दिया कि बायोमेट्रिक उपस्थिति से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने सभी विभागीय कार्यालयों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में व्यवस्था को पूर्ण रूप से लागू करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा यह कदम प्रशासनिक सुधार, अनुशासन और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

रिपोर्टर