रंग लाया जज सिंह अन्ना का 4 दिवसीय तप, प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ आमरण अनशन
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jan 03, 2026
- 82 views
जिलाधिकारी के आश्वासन और भाजपा जिलाध्यक्ष के आग्रह पर तोड़ा अनशन
जौनपुर, बरसठी । कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा समाजसेवी जज सिंह अन्ना का आमरण अनशन चौथे दिन शुक्रवार शाम लगभग 7:00 बजे प्रशासनिक आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। विभागों के बीच सड़कों के रखरखाव को लेकर लंबे समय से चल रही खींचतान और अनशनकारी की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए जिला प्रशासन ने आखिरकार नरम रुख अपनाया।
शुक्रवार की शाम जिलाधिकारी जौनपुर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और अनशन पर बैठे जज सिंह अन्ना से विस्तृत वार्ता की। जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि शीघ्र ही ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, मंडी परिषद, सिंचाई विभाग एवं जिला पंचायत के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक में यह स्पष्ट किया जाएगा कि जर्जर सड़कों की मरम्मत की जिम्मेदारी किस विभाग की होगी अथवा उन्हें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कैसे हस्तांतरित किया जाए।
जिलाधिकारी के इस ठोस आश्वासन के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने जज सिंह अन्ना को जूस पिलाकर उनका चार दिवसीय आमरण अनशन समाप्त कराया। अनशन समाप्त करने के बाद जज सिंह अन्ना ने कहा कि वे जिला प्रशासन और भाजपा जिलाध्यक्ष के सम्मान में फिलहाल अनशन समाप्त कर रहे हैं, लेकिन उनकी नजर प्रस्तावित बैठक और उसके निष्कर्ष पर बनी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आश्वासन पर अमल नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अन्ना समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर