भिवंडी में महायुति का महापौर बना तो विकास को मिलेगी नई गति-- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

शिवाजी चौक पर भाजपा की विजय संकल्प सभा में मुख्यमंत्री का दावा.

भिवंडी को लॉजिस्टिक हब बनाने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का दिया भरोसा

भिवंडी। भिवंडी के शिवाजी चौक पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से विजय संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने निर्विरोध निर्वाचित हुए भाजपा के सभी नगरसेवकों का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक सभा में मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भिवंडी में महायुति का महापौर बनाना एक नया इतिहास रचने जैसा होगा। उन्होंने कहा कि अगर शहर में महायुति का नेतृत्व आता है तो भिवंडी के विकास के लिए किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल भिवंडी को केवल पैसा कमाने का जरिया मानकर चुनाव लड़ते हैं और शहर को एटीएम की तरह इस्तेमाल करते हैं, जबकि भाजपा और महायुति की राजनीति विकास पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद भिवंडी के लिए बड़े पैमाने पर निधि उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि हाल ही में मंत्री कपिल पाटील ने भी यह बात सार्वजनिक रूप से कही है कि भाजपा सरकार ने भिवंडी के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि दी है। उन्होंने कहा कि पहले एमएमआरडीए का अस्तित्व होने के बावजूद भिवंडी में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पा रहे थे। कारण यह था कि इस संस्था को विकास के बजाय एटीएम की तरह देखा जा रहा था। भाजपा सरकार ने यह सोच बदलते हुए तय किया कि एमएमआरडीए के माध्यम से वास्तविक और स्थायी विकास कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि शहर में अंडरग्राउंड मेट्रो से जुड़े जो निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं या गिर चुके हैं, उन्हें नए सिरे से पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही जर्जर पुलों को तोड़कर नए पुल बनाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने भिवंडी को एक बड़े लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने की योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भिवंडी को जितने पानी की जरूरत होगी, उतनी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार अभी से प्रयास कर रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भिवंडी में 15 हजार घरों को मंजूरी दी गई है। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी और उनके लिए आवश्यक चार्जिंग सेंटर स्थापित करने की अनुमति भी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार यह विचार कर रही है कि अलग-अलग तरीकों से भिवंडी का विकास कैसे किया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि भिवंडी में महायुति का महापौर चुना जाता है, तो विकास कार्यों के लिए जितनी भी धनराशि की आवश्यकता होगी, वह पूरी उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी तरह की कमी नहीं पड़ने दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में जिन-जिन स्थानों पर महायुति के महापौर हैं, वहां सरकार ने जरूरत के अनुसार पूरा निधि उपलब्ध कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि बहुमत मिलने के बाद यह कहा जा रहा था कि लाडकी बहिण योजना बंद कर दी जाएगी, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना कभी बंद नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का अगला लक्ष्य लाडकी बहिणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर लखपती दीदी बनाना है,सभा के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि महायुति का महापौर बनने के बाद भिवंडी के विकास को नई दिशा दी जाएगी और शहर को प्रगति के पथ पर आगे ले जाया जाएगा। विजय संकल्प सभा के दौरान शिवाजी चौक पर उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट