आधार के जरिए बैंक खाते से पैसा उड़ाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो और शातिर अपराधी गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 31, 2026
- 181 views
बिहार-
बक्सर-- जिला पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AEPS) के जरिए लोगों के खातों से अवैध निकासी करने वाले गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चक्रहसी निवासी मिंटू कुमार और औद्योगिक थाना क्षेत्र के बरूणा निवासी पंकज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो लैपटॉप, एक फिंगरप्रिंट मशीन और मोबाइल फोन बरामद किया है।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब चक्रहसी निवासी अजीत कुमार सिंह ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, 7 मार्च 2025 से 1 मई 2025 के बीच उनके बैंक खाते से 20 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 1,07,000 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। जब उन्होंने बैंक से संपर्क किया, तो पता चला कि पैसे AEPS (आधार के माध्यम से भुगतान) के जरिए निकाले गए हैं। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 31/25 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी अविनाश कुमार कश्यप के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले अमन कुमार नामक अपराधी को जेल भेजा था। अमन की निशानदेही पर ही पंकज और मिंटू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे 'UCL Link' के माध्यम से आधार अपडेट करने के बहाने ग्राहकों के फिंगरप्रिंट अवैध रूप से सुरक्षित (क्लोन) कर लेते थे। इसके बाद उन फिंगरप्रिंट्स का उपयोग कर बैंक खातों से पैसे उड़ा लिए जाते थे।
बक्सर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता विवरण, ओटीपी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बिना आधिकारिक अनुमति के किसी भी साइबर कैफे द्वारा आधार कार्ड का नामांकन या अपडेट करना गैरकानूनी है और ऐसे केंद्रों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
सफल कार्रवाई करने वाली टीम में डीएसपी अविनाश कुमार कश्यप के साथ पु०नि० संजय कुमार सिंह उर्फ सिंघम, पु०अ०नि० श्रीकांत, विकास कुमार लायक, शुभम कुमार, अनुपम कुमारी और साइबर थाने के सशस्त्र बल शामिल थे।


रिपोर्टर