ऑपरेशन विलेप के तहत आरपीएफ को बड़ी सफलता, दुर्लभ रेड सैंड बोआ के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 04, 2026
- 12 views
दुर्लभ वन्य जीव तस्करी पर कसा शिकंजा, प्लेटफॉर्म पर सतर्कता से मिली सफलता
संवाददाता पवन कुमार की रिपोर्ट
गयाजी-- पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया द्वारा ऑपरेशन विलेप के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान दुर्लभ प्रजाति के रेड सैंड बोआ सांप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ पोस्ट गया की संयुक्त टीम गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 बी पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो व्यक्ति आसमानी रंग का बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में नजर आए। आरपीएफ टीम को देखकर दोनों भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम उपेन्द्र कुमार (जहानाबाद) एवं मोहम्मद सादुल्ला (गया) बताया। तलाशी के दौरान बैग से मृत अवस्था में दुर्लभ रेड सैंड बोआ (Eryx Johnii) बरामद किया गया। सूचना पर वन विभाग एवं स्नेक कैचर की टीम मौके पर पहुंची और सांप को जब्त किया गया।
इसके बाद दोनों तस्करों को वन विभाग के हवाले कर दिया गया। मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद रेड सैंड बोआ अनुसूची-1 में सूचीबद्ध अत्यंत दुर्लभ प्रजाति का जीव है, जिसकी लंबाई लगभग चार फीट बताई गई है।
इस कार्रवाई से वन्य जीव तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है।


रिपोर्टर