कुंआ खोदो, पानी पियो’ आंदोलन से घिरे कार्यकारी अभियंता

जल संकट पर विभाग की कार्यशैली सवालों में...

महिलाओं का मैदान में उतरकर किया विरोध,संदीप पटनावर पर जानबूझकर देरी कराने के आरोप


भिवंडी। भिवंडी में बढ़ते जल संकट के बीच अब वाटर सप्लाई विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। अनियमित पानी सप्लाई और अधूरी योजनाओं से परेशान नागरिकों ने ‘कुंआ खोदो, पानी पियो’ आंदोलन शुरू कर दिया है, जिससे मनपा प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। जैतूनपुरा, बंगालपुरा, बर्फ गली, काप तालाब और कोटर गेट जैसे इलाकों की महिलाओं ने अब्दुल कलाम आजाद मैदान में कुदाल और गैता लेकर जमीन खोदते हुए विरोध दर्ज कराया।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई इलाकों में रात 2 बजे सिर्फ एक घंटे के लिए पानी सप्लाई की जा रही है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि मनपा प्रशासन घरपट्टी के नाम पर हर साल हजारों रुपये वसूलता है, लेकिन पिछले 20 वर्षों से पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो पाई है। जल संकट के लिए नागरिक सीधे तौर पर वाटर सप्लाई विभाग और उसके नेतृत्व को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

अब्दुल कलाम आजाद मैदान में पानी टंकी निर्माण की योजना बार-बार शुरू और बंद होने से भी लोगों में नाराजगी है। पहले योजना बनाई गई, फिर अचानक रद्द कर दी गई। स्थानीय मांग पर दोबारा काम शुरू हुआ और गड्ढे भी खोदे गए, लेकिन बिना स्पष्ट कारण बताए काम फिर रोक दिया गया। नागरिकों का आरोप है कि इस देरी के पीछे विभागीय स्तर पर समन्वय की कमी और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही है।

सामाजिक कार्यकर्ता जावेद किरन ने दावा किया कि हालिया नगरसेवक चुनाव के बाद कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक श्रेय लेने के लिए परियोजना रोकी गई और कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर जानबूझकर देरी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग कुछ चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रहा है, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इधर महिलाओं का जमीन खोदकर विरोध प्रदर्शन प्रशासन के लिए चेतावनी माना जा रहा है। नागरिकों ने स्पष्ट किया है कि यदि जल संकट का स्थायी समाधान जल्द नहीं निकाला गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। अब निगाहें मनपा प्रशासन और जल आपूर्ति विभाग पर टिकी हैं कि वे आरोपों का जवाब कैसे देते हैं और शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं ।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट