खेत में युवक की हत्या से सनसनी, पांच घंटे में आरोपी गिरफ्तार
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Feb 16, 2026
- 44 views
रामपुर । जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आशापुर में सोमवार को खेत में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में युवक के सिर पर ईंट से वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान बृजेश यादव पुत्र निवासी ग्राम मेहदी, थाना सिकरारा के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मड़ियाहूं क्षेत्राधिकारी एवं फॉरेंसिक टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी रही।मामले की जांच में थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया। पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक और आरोपी के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद में आवेश में आकर आरोपी ने ईंट से सिर पर वार कर बृजेश की हत्या कर दी और शव को खेत में छोड़कर फरार हो गया था। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बाइक लावारिस हालत में मिली। बाइक के साइलेंसर पर पैरों के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा घटनास्थल के पास शराब की बोतलें भी बरामद हुईं, जिनमें से एक बोतल टूटी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि पहले युवक के साथ मारपीट की गई और बाद में ईंट तथा किसी धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के सफल अनावरण के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।


रिपोर्टर