परीक्षा तनाव में छात्रा ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Feb 20, 2026
- 152 views
मीरगंज, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के चौकी कला गांव की एक 15 वर्षीय छात्रा द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या किए जाने की हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। घटना शुक्रवार सुबह जंघई रेलवे ट्रैक के पास हुई, जहां छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार चौकी कला गांव निवासी सुरेश जैसवार की पुत्री गरिमा जैसवार हाईस्कूल की छात्रा थी और वह आरडी मेमोरियल मॉडर्न कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कॉलेज, जंघई (प्रयागराज) में पढ़ती थी। उसका परीक्षा केंद्र श्रीदेवी प्रसाद इंटर कॉलेज, पिलखिनी जंघई में निर्धारित था। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे वह सोशल साइंस की परीक्षा देने के लिए साइकिल से घर से निकली थी।
बताया जा रहा है कि जंघई रेलवे फाटक से लगभग 200 मीटर पूरब उसने अपनी साइकिल ट्रैक किनारे खड़ी कर दी और जौनपुर से प्रयागराज की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने अचानक छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस, सराय ममरेज पुलिस, आरपीएफ तथा जीआरपी जंघई की टीम मौके पर पहुंच गई। मामला जीआरपी क्षेत्राधिकार का होने के कारण जीआरपी जंघई ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका के चचेरे चाचा राजेश जैसवार के अनुसार हिन्दी विषय की परीक्षा अपेक्षा के अनुरूप न होने तथा कुछ प्रश्न छूट जाने के कारण छात्रा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी।
जीआरपी जंघई प्रभारी अरुण मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में परीक्षा के तनाव को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में छात्रों पर बढ़ते परीक्षा दबाव को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।


रिपोर्टर