पानी पर सियासी संग्राम - गायत्रीनगर में सप्लाई ठप, जनता बेहाल
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 07, 2026
- 57 views
"दबाव में बंद कराई गई लाइन'’ का आरोप
भिवंडी। शहर के प्रभाग समिति क्रमांक-1 अंतर्गत गायत्रीनगर डोंगर पाडा में अचानक पानी सप्लाई बंद होने से हड़कंप मच गया है,भीषण गर्मी के बीच पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई है, वहीं इस पूरे मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है। पूर्व नगरसेवक विकास निकम ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि नगरसेवकों के दबाव में पालिका कर्मचारियों द्वारा जानबूझकर पानी सप्लाई बंद कराई गई है। गायत्रीनगर डोंगर पाडा के नागरिकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे पीने के पानी के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व नगरसेवक विकास निकम ने सीधे तौर पर इसे “तुच्छ राजनीति का नतीजा” बताते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में इस क्षेत्र में कभी पानी की किल्लत नहीं होने दी गई। उन्होंने बताया कि मोटर और पाइपलाइन के जरिए डोंगर क्षेत्र तक पानी पहुंचाने की स्थायी व्यवस्था की गई थी, लेकिन अब उसे जानबूझकर बाधित किया गया है। निकम ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए भिवंडी मनपा के जलपूर्ति विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, अब तक सप्लाई बंद होने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। स्थानीय नागरिकों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार “हर घर जल” की बात करती है, वहीं दूसरी ओर शहर के कई इलाकों में पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने भिवंडी में पानी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है और कब तक क्षेत्र के लोगों को राहत मिलती है।


रिपोर्टर