भिवंडी पालिका में ‘हफ्ता राज’ का आरोप। सहायक आयुक्त पर फूटा गुस्सा, विधायक के सामने जमकर हंगामा

भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका में भ्रष्टाचार के आरोपों ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया, जब एक नगरसेवक ने खुलेआम सहायक आयुक्त पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप जड़ दिया। मामला इतना बढ़ गया कि पालिका मुख्यालय में विधायक की मौजूदगी में ही जमकर बहस और हंगामा देखने को मिला। राष्ट्रवादी कांग्रेस के नगरसेवक फराज (बाबा) बाऊद्दिन ने प्रभाग समिति क्रमांक 5 के प्रभारी सहायक आयुक्त सईद चिवणे पर आरोप लगाया कि वे जर्जर इमारतों को तोड़ने के नाम पर वसूली कर रहे हैं। उनका कहना है कि नोटिस देकर दबाव बनाया जाता है और फिर कार्रवाई रोकने के बदले पैसे लिए जाते हैं।

नगरसेवक ने यह भी आरोप लगाया कि ठेला चालकों, सब्जी विक्रेताओं और फुटपाथ पर व्यवसाय करने वालों से हर महीने ‘हफ्ता’ वसूला जाता है। यदि कोई पैसे देने से इनकार करता है, तो उसका अतिक्रमण हटाने या धंधा बंद करवाने की धमकी दी जाती है। खाऊ गली, तीनबत्ती और सब्जी मार्केट जैसे इलाकों में यह वसूली खुलेआम होने का दावा किया गया। सबसे गंभीर आरोप पुराने मछली मार्केट को लेकर लगाए गए। बताया गया कि यह इमारत जर्जर हालत में है और इसे साइट-54 पर शिफ्ट कर नए मार्केट का निर्माण किया जाना है। इसके लिए शासन से फंड भी मिल चुका है और ठेकेदार को एक साल पहले ही वर्क ऑर्डर दिया जा चुका है, लेकिन अब तक मार्केट खाली नहीं कराया गया है। नगरसेवक का आरोप है कि सहायक आयुक्त और उनकी टीम यहां से कथित तौर पर मुफ्त मछली, मटन और नकदी मिलने के कारण कार्रवाई टाल रहे हैं। इसी वजह से करोड़ों की परियोजना अधर में लटकी हुई है।

यह पूरा मामला उस वक्त और गरमा गया जब भाजपा विधायक महेश चौघुले के सामने ही नगरसेवक और अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस घटनाक्रम ने पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे आरोपों के बीच अब नजरें पालिका प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या इन गंभीर आरोपों की जांच कर कोई ठोस कार्रवाई होगी या फिर मामला यूं ही दबा दिया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट