कोनगांव में लापरवाही का आरोप, हादसे के वक्त 13 कर्मचारी मौजूद, अधिकारी नदारद, कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

भिवंडी। भिवंडी के कोनगांव ग्रामपंचायत क्षेत्र में प्रशासनिक लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आपात स्थिति के दौरान ग्रामपंचायत अधिकारी के गैरहाजिर रहने के आरोप ने पूरे प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इसको लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त 2025 को कोनगांव इलाके में एक दुकान पर बड़ा पेड़ गिरने से गंभीर हादसा हुआ था। इस घटना में बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के समय मौके पर 13 कर्मचारी राहत कार्य के लिए मौजूद थे, लेकिन ग्रामपंचायत अधिकारी मनीष महाजन कथित तौर पर ड्यूटी से गायब रहे।इस मामले में विस्तार अधिकारी इंद्रजीत काले द्वारा जिला परिषद ठाणे को रिपोर्ट सौंपी गई है, जिसमें घटना के दौरान अधिकारी की अनुपस्थिति का उल्लेख किया गया है। इसके बाद से उनकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय पत्रकार भगवानदास विश्वकर्मा ने आरोप लगाया है कि इस मामले में कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने जिला परिषद ठाणे, पंचायत समिति भिवंडी और राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को भी लिखित शिकायत दी है।बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी पर पहले भी भ्रष्टाचार और वसूली जैसे आरोप लग चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया है, जिससे संदेह और गहरा गया है।भगवानदास विश्वकर्मा ने चेतावनी दी है कि अगर अगले 15 दिनों के भीतर आरोपी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे ठाणे जिलाधिकारी कार्यालय के सामने उपोषण या आंदोलन करेंगे। इस चेतावनी के बाद प्रशासन की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट