भिवंडी शहर में पानी की घोर किल्लत, महासभा में पानी बेचने का लगा आरोप
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 15, 2026
- 88 views
भिवंडी। जैसे-जैसे गर्मी का पारा चढ़ रहा है, वैसे-वैसे शहर में पानी की किल्लत भी विकराल रूप लेती जा रही है। बुधवार को आयोजित भिवंडी-निजामपुर शहर महानगर पालिका की चौथी विशेष महासभा में पानी संकट को लेकर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। बड़ी संख्या में नगरसेवकों और नगरसेविकाओं ने जलापूर्ति विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए।
महासभा के दौरान काई नगरसेवक व नगरसेविकाओं ने पानी की समस्या पर प्रश्न चिन्ह निर्माण किया, जिससे सभा का माहौल पूरी तरह गरमा गया। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि शहर में पानी की आपूर्ति में भारी भेदभाव किया जा रहा है। जहां पॉश इलाकों में 24 घंटे पानी उपलब्ध है, वहीं पुरानी भिवंडी और स्लम क्षेत्रों में मात्र 5 से 10 मिनट ही पानी दिया जाता है — वह भी रात 3 बजे।
एक नगरसेविका ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि भैय्यासाहेब नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा पानी उपलब्ध कराने के नाम पर हर महीने 100 रूपये की वसूली की जा रही है। इसके अलावा कई स्थानों पर पाइपलाइन तो बिछाई गई है, लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं दिए गए हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर ने स्थिति को संभालने की कोशिश करते हुए कहा कि पानी की समस्या को जल्द दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगरसेवकों की मांग के अनुसार अनुमानित बजट तैयार कर लिया गया है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि अवैध वसूली की शिकायतों की जांच की जाएगी और पानी के टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके। फिलहाल, पानी के मुद्दे पर भिवंडी की राजनीति गर्म हो चुकी है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ने की संभावना है।


रिपोर्टर