डीएम ने विडियो कांफ्रेंस से एसडीएम बीडीओ थानाध्यक्ष को दी निर्देश
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 12, 2026
- 22 views
रोहतास।समाहरणालय रोहतास स्थित जिला पदाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ से जिला पदाधिकारी, रोहतास श्रीमती उदिता सिंह द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय पदाधिकारियों, तीनों अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ एक महत्वपूर्व बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहयोग शिविर, फॉर्मर रजिस्ट्रेशन एवं जनगणना कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आम नागरिकों को उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में 19 मई 2026 को पंचायतवार सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। आम लोग सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 तथा सहयोग पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत एवं आवेदन दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पंचायतवार प्राप्त आवेदनों का निष्पादन शिविर के दौरान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से अम्बेडकर समग्र सेवा से संबंधित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया तथा महादलित बस्तियों पर विशेष फोकस करने को कहा। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों, अनुमंडलों, प्रखंडों, थाना एवं पंचायत स्तर पर प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित होने वाले “सेवा संवाद समाधान कार्यक्रम” की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालय प्रधान यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम का नियमित संचालन हो तथा आम लोगों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित समाधान किया जाए।
उन्होंने सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय अवधि के दौरान अधिकारी अपने-अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहें और आम लोगों से सम्मानपूर्वक मिलकर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही जन्म, मृत्यु, जाति, आय प्रमाण पत्र, जन शिकायत, भूमि विवाद, भूमि की नापी, प्राथमिकी, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, पेंशन, अनुदान सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविर से पहले प्राप्त सभी शिकायतों का निष्पादन 19 मई तक हर हाल में पूरा होना चाहिए। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जनगणना कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिलेभर में जनगणना कार्य शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा “फार्मर रजिस्ट्री अभियान” के दूसरे चरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 जून तक विशेष अभियान चलाकर जिले के सभी किसानों का डिजिटल आईडी निर्माण सुनिश्चित किया जाए।


रिपोर्टर