भिवंडी मनपा की स्थायी समिति पर राकांपा (शरद पवार गुट) का कब्जा, ईसा इमरान खान 4 मतों से विजयी

भिवंडी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) समर्थित उम्मीदवार ईसा इमरान खान ने भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका की स्थायी समिति सभापति पद की चुनावी लड़ाई में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) की उम्मीदवार अस्मिता प्रभुदास नाईक को 4 मतों से पराजित कर जीत हासिल की।स्थायी समिति सभापति पद के लिए हुए मतदान में ईसा इमरान खान को कांग्रेस के 5, राकांपा के 2 तथा भिवंडी विकास मंच का 1 मत मिला। इस प्रकार उन्हें कुल 8 मत प्राप्त हुए। वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) की उम्मीदवार अस्मिता प्रभुदास नाईक को कुल 4 मत मिले, जिनमें समाजवादी पार्टी का 1 तथा कोर्णाक विकास आघाडी का 1 मत शामिल रहा।

चुनाव में उस समय राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई, जब भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार गीता विनोबा नाईक ने मतदान से पूर्व अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा के चारों सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा न लेते हुए महासभा से बैकआउट कर दिया। 

वहीं, मनपा की पांचों प्रभाग समितियों के सभापति पद के चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए। प्रभाग समिति क्रमांक-01 में राकांपा (शरद पवार गुट) के फारूकी हस्नैन इम्तियाज निर्विरोध चुने गए। प्रभाग समिति क्रमांक-02 में कांग्रेस की तबस्सुम जाकिर बेग को निर्विरोध सभापति घोषित किया गया। प्रभाग समिति क्रमांक-03 में शिवसेना उम्मीदवार संजय गणपत भोईर द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा उम्मीदवार रंजिता मोहन कोंडा निर्विरोध निर्वाचित हुईं। इसी प्रकार प्रभाग समिति क्रमांक-04 में कांग्रेस की अंसारी समीना मोहम्मद इमरान निर्विरोध चुनी गईं। प्रभाग समिति क्रमांक-05 में चुनाव से पहले त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन मतदान के समय कोर्णाक विकास आघाडी की उम्मीदवार रोमा निलेश आलशी तथा राकांपा (शरद) की अंसारी अनम तारिक द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के वैभव एकनाथ भोईर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इस प्रकार पांचों प्रभाग समितियों में कांग्रेस और भाजपा को दो-दो सभापति पद, जबकि राकांपा (शरद पवार गुट) को एक सभापति पद प्राप्त हुआ। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पीठासीन अधिकारी रणजीत यादव, भिवंडी मनपा आयुक्त अनमोल सागर, अतिरिक्त आयुक्त नायना ससाणे ने सभी विजयी उम्मीदवारों को पुष्पगुच्छ देकर शुभकामनाएं दी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट