संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रक चालक की मौत

रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बरसठी रोड पर बुधवार को एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चालक बालू लदा ट्रक लेकर जा रहा था। रास्ते में वाहन खड़ा करने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार को एक ट्रक रामपुर से बरसठी की ओर जा रहा था। बरसठी रोड स्थित तिराहे से लगभग कुछ मीटर आगे चालक ने ट्रक रोककर चाय-नाश्ता किया। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुभाष (32 वर्ष) पुत्र मंगरु निवासी ग्राम हुसेनपुर, थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक था और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी असामयिक मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। थाना प्रभारी  ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के संबंध में अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर पड़ताल चल रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। 


रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट