सरकारी भूमि पर चला प्रशासन का बुलडोजर, नवीन परती व खाद गड्डा की जमीन कराई गई अतिक्रमण मुक्त

मड़ियाहूं, जौनपुर। तहसील प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम चौधी मलकानपुर में नवीन परती एवं खाद गड्डा की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम चौधी मलकानपुर स्थित आराजी संख्या 305/593 नवीन परती की भूमि पर मानिक राज पुत्र शंभू, राजदेव पुत्र जयशंकर तथा सुभाष पुत्र बैजनाथ द्वारा बाथरूम एवं शौचालय की नींव भरकर अवैध कब्जा किया गया था। वहीं आराजी संख्या 305 खाद गड्डा की भूमि पर रमेश पुत्र बैजनाथ द्वारा नल गाड़कर अतिक्रमण कर लिया गया था।

मामले की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण एवं कब्जों को हटवाते हुए दोनों सरकारी भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा दिया।

उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने मौके पर मौजूद लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी एवं ग्राम समाज की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि को सुरक्षित रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को सरकारी भूमि संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने भी सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई की सराहना की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट