अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस

बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़ेरी गांव स्थित बीएसएनएल टावर के सामने शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ेरी चौकी प्रभारी एवं बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र में इधर-उधर घूमता हुआ देखा जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। शनिवार सुबह जब लोगों ने सड़क किनारे उसका शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी हाउस, जौनपुर भेज दिया। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। वह नीले रंग का चड्डा तथा छिटदार शर्ट पहने हुए था। पुलिस ने मौके पर ही मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना प्रसारित कर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।बरसठी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तत्काल थाना बरसठी या संबंधित पुलिस चौकी से संपर्क कर उसकी पहचान कराने में सहयोग करें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट