उधार समोसा देने से इनकार पर महिला दुकानदार पर फेंका खौलता तेल, आरोपी गिरफ्तार
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jun 30, 2026
- 11 views
बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के सुखलालगंज बाजार में मंगलवार दोपहर उधार में समोसा देने से इनकार करना एक महिला दुकानदार को भारी पड़ गया। उधार न मिलने से नाराज एक युवक ने गुस्से में महिला पर कड़ाही का खौलता तेल फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखलालगंज बाजार निवासी पूनम (55), पत्नी प्रेम शंकर, अपनी मिठाई एवं नाश्ते की दुकान पर मौजूद थीं। इसी दौरान बाजार निवासी अमीन उर्फ दत्तन दुकान पर पहुंचा और उधार में समोसा मांगा। महिला द्वारा उधार देने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में कड़ाही में खौल रहा तेल महिला की ओर फेंक दिया।
महिला ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन खौलता तेल उनके दोनों पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना होते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए तथा तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमीन उर्फ दत्तन को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। बाजार में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


रिपोर्टर