बीईओ के बेटे ने नीट-यूजी 2026 में लहराया सफलता का परचम
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 18, 2026
- 43 views
बरसठी (जौनपुर)। क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी एवं चंद्र कुमार तिवारी के पौत्र शाश्वत त्रिपाठी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पहले ही प्रयास में उन्होंने 720 में 617 अंक प्राप्त करते हुए 99.71 पर्सेंटाइल हासिल की। सामान्य वर्ग में उन्हें कैटेगरी रैंक 2559 तथा ऑल इंडिया रैंक 5698 प्राप्त हुई।
शाश्वत के पिता अतुल दत्त तिवारी वर्तमान में चित्रकूट जनपद में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के पद पर कार्यरत हैं। शाश्वत ने प्रयागराज स्थित आकाश इंस्टीट्यूट से नीट की तैयारी की। परिणाम घोषित होने के बाद संस्थान में शिक्षकों ने उन्हें माला पहनाकर और साफा बांधकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शाश्वत की इस उल्लेखनीय सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिजनों ने इस उपलब्धि का श्रेय शाश्वत की नियमित पढ़ाई, अनुशासित दिनचर्या, कठिन परिश्रम और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया।
शाश्वत की सफलता से पूरे क्षेत्र में गौरव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें भी लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करने की सीख देगी।


रिपोर्टर