मुंगराबादशाहपुर में उत्साह के साथ मनाया गया कारगिल विजय दिवस, निकली भव्य तिरंगा रैली
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 30, 2026
- 13 views
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुंगराबादशाहपुर नगर में देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य कार्यक्रम एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूनम यादव तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य जीत यादव रहीं। आयोजन का नेतृत्व सेवानिवृत्त सैनिक सुशील कुमार पांडे एवं अन्य पूर्व सैनिकों ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसके बाद नगर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के दौरान “भारत माता की जय”, “हिंदुस्तान जिंदाबाद” और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लिए युवा पूरे उत्साह के साथ रैली में शामिल हुए। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती रैली का लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर समाजसेवी जज सिंह अन्ना, अज्जू भैया, डॉ. विकास पाल, वसंत जैसवारा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सैनिकों का त्याग सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा आयोजक सेवानिवृत्त सैनिक सुशील कुमार पांडे ने बताया कि कारगिल के वीर शहीदों की स्मृति में यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, ताकि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत हो और युवाओं को सैनिकों के संघर्ष, अनुशासन एवं बलिदान से प्रेरणा मिल सके। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान नगर का वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर दिखाई दिया।


रिपोर्टर