समाधान दिवस में पहुंचीं 55 शिकायतें, पांच का मौके पर हुआ निस्तारण

मड़ियाहूं (जौनपुर)। तहसील परिसर में शनिवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 55 प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। इनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी परमानंद झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद मौके की जियोटैग फोटो अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए, ताकि निस्तारण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए सभी अधिकारी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करें।

समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, तहसीलदार रवि रंजन कश्यप, नायब तहसीलदार शीतला सिंह, नायब तहसीलदार कृति, खंड विकास अधिकारी अभिनव सरोज, खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग, खंड विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट