45 पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन हुआ
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 06, 2026
- 4 views
रोहतास।माननीय मुख्यमंत्री बिहार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को रोहतास जिले की 45 पंचायतों में "सहयोग शिविर" का आयोजन किया गया। नोखा प्रखंड के हथिनी पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी ने पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड, विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र तथा शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि का वितरण किया। साथ ही कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
जिला पदाधिकारी ने लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों में न आना पड़ें। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों का समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर के आयोजन से पूर्व पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर शिक्षा, जन्म प्रमाण-पत्र, नल-जल योजना, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, भूमि परिमार्जन एवं भूमि मापी सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए थे, जिनका प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया गया। उन्होंने बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों एवं ऑनलाइन के माध्यम से अब तक 12,318 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 11,348 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष आवेदनों पर भी संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नागरिकों से ऑनलाइन माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की अपील की, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
डीपीआरओ आशीष रंजन ने बताया कि जिले के 45 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। इनमें नोखा प्रखंड के हथिनी एवं श्रीखंडा, रोहतास प्रखंड के बंजारी, काराकाट प्रखंड के बुढ़वल, बेनसागर, चिकसिल, बाराडीह, सिकरिया, धनहरा एवं देव, संझौली प्रखंड के संझौली एवं अमैठी, नासरीगंज प्रखंड के कैथी एवं पवनी, दिनारा प्रखंड के समहुती, बिसीकला, अरंग, सरांव, हरिवंशपुर, करहसी, बलिया एवं गुनसेज, नौहट्टा प्रखंड के भदारा एवं जयंतीपुर, तिलौथू प्रखंड के सेवही एवं केरपा, बिक्रमगंज प्रखंड के मोरौना एवं मानी, सासाराम प्रखंड के धौढ़ाढ़ एवं रामपुर, अकोढ़ीगोला प्रखंड के बांक, दावथ प्रखंड के सेमरी एवं उसरी, करगहर प्रखंड के रामपुर एवं अररुआ, चेनारी प्रखंड के डिडरिया एवं देवडीही, कोचस प्रखंड के गारा, कंजर एवं कुछिला, डेहरी प्रखंड के दरिहट एवं भलुआढ़ी तथा शिवसागर प्रखंड के कोनार, रायपुर एवं उल्हो पंचायतों में शिविर लगाए गए। इन सभी शिविरों में वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर के दौरान पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड, विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र तथा शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया।


रिपोर्टर