ड्यूटी के दौरान वनरक्षक की संदिग्ध मौत

बनकट कछोटा के पास घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज


बरसठी, जौनपुर। स्थानीय वन विभाग में तैनात वनरक्षक रवि यादव (34) की रविवार की रात ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह बनकट कछोटा के पास गांधी लिंक रोड पर खून से लथपथ गंभीर हालत में मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार रवि यादव रविवार की रात मोटरसाइकिल से क्षेत्र में भ्रमण पर निकले थे। बताया जा रहा है कि बनकट कछोटा गांव की बनवासी बस्ती में मजदूरी का पैसा देने के बाद वह वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गांधी लिंक रोड के पास वह सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हालांकि हादसा किस तरह हुआ, इसकी स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही है।

रवि यादव पिछले करीब पांच वर्षों से बरसठी क्षेत्र में वनरक्षक के पद पर तैनात थे। वह मूल रूप से मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सकरा गांव के निवासी थे। परिवार में पत्नी के अलावा करीब तीन वर्ष का एक पुत्र और डेढ़ वर्ष की एक पुत्री है। वह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

इस संबंध में बरसठी थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। वनरक्षक की अचानक हुई मौत से वन विभाग के कर्मचारियों और क्षेत्र में शोक की लहर है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट