सासाराम एसडीएम प्रिया रानी ने देर रात सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 06, 2026
- 2 views
रोहतास। सासाराम अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा देर रात सदर अस्पताल, सासाराम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में आम लोगों एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में एसडीएम द्वारा अस्पताल के विभिन्न वार्डों, आपातकालीन सेवा, चिकित्सकीय व्यवस्था, दवा एवं आवश्यक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता, मरीजों के लिए पेयजल, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, मरीजों एवं उनके परिजनों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।
इसके साथ ही अस्पताल में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, आपातकालीन स्थिति में त्वरित उपचार तथा आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारू रूप से लाभ उपलब्ध कराने से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।
एसडीएम ने अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी एवं बेहतर संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान आम लोगों को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छ, व्यवस्थित एवं मरीज हितैषी वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।


रिपोर्टर