त्योहारों में रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर RPF और DFC की संयुक्त बैठक, बना एक्शन प्लान
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 16, 2026
- 4 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी रोहतास।रेलवे एवं डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) की संपत्तियों की सुरक्षा तथा ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को लेकर सोमवार को डेहरी ऑन सोन आरपीएफ पोस्ट परिसर में समन्वय बैठक हुई।
बैठक वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसमें आगामी पितृपक्ष, दशहरा और दीपावली में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा का संयुक्त खाका तैयार किया गया।
निर्णय लिया गया कि दोनों एजेंसियों के जवान आपसी तालमेल के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखेंगे। रेलवे ट्रैक को अवैध रूप से पार करने से होने वाले हादसों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
वहीं सराहनीय कार्य के लिए डीएफसी के सुरक्षा गार्डों को मुख्य महाप्रबंधक अतुल कुमार की स्वीकृति से 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में आरपीएफ डेहरी पोस्ट प्रभारी आर.के. कछवाहा, डीएफसी प्रभारी निरीक्षक वी.के. सिंह सहित डीएफसी के 20 पूर्व सैनिक सुरक्षा गार्ड और आरपीएफ के अधिकारी-जवान मौजूद रहे।


रिपोर्टर