डालमियानगर आवासीय कॉलोनी में गंदगी और मच्छरों का प्रकोप, लोग बेहाल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 09, 2026
- 9 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास । वर्षा के बाद डालमियानगर आवासीय कॉलोनी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। गली-गली में सफाई नहीं होने के कारण नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई है।
नालियों में जमा गंदगी और कीचड़ के कारण इन दिनों मच्छरों का प्रकोप बहुत बढ़ गया है। बदबू इतनी तेज है कि लोगों को नाक पर रुमाल रखकर चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। नगर परिषद का ध्यान इस ओर नहीं होने से लोग बदहाल जिंदगी जीने को विवश हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक साल बाद फॉगिंग मशीन द्वारा मच्छरों के लार्वा को मारने के लिए दवा का छिड़काव किया गया था, लेकिन उसका कोई असर नहीं पड़ा। गंदगी जस की तस बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं किया गया, तो डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से अविलंब सफाई अभियान चलाने और नियमित फॉगिंग कराने की मांग की है।


रिपोर्टर