गया स्टेशन पर स्वच्छता पखवाड़ा के समापन पर सफाईकर्मियों को किया गया सम्मानित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 15, 2026
- 2 views
मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सुपरवाइजर और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाईकर्मियों का बढ़ाया गया उत्साह
स्टेशन अधीक्षक बोले—स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी, सफाईकर्मियों का योगदान महत्वपूर्ण
गयाजी। पितृपक्ष मेला-2026, स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित करने के लिए गुरुवार को गया रेलवे स्टेशन पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतिम दिन आयोजित इस कार्यक्रम में गया स्टेशन क्लीनिंग ई.एन.एच.एम./गया की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजर एवं सफाईकर्मियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में गया स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह एवं मुख्य वाणिज्य सुपरवाइजर श्री शैलेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक श्री बीरेन्द्र कुमार, ई.एन.एच.एम./गया के प्रभारी वरीय अनुभाग अभियंता श्री आशुतोष कुमार तथा स्वास्थ्य एवं मलेरिया निरीक्षक श्री विजय कुमार भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह ने कहा कि रेलवे स्टेशन को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सफाईकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पितृपक्ष मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में सफाईकर्मियों और सुपरवाइजरों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे कर्मियों को सम्मानित करने से उनका उत्साह बढ़ता है और वे भविष्य में भी पूरी लगन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पितृपक्ष मेला-2026 के सफल आयोजन के साथ-साथ स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं स्वच्छता पखवाड़ा के तहत किए गए कार्यों की सराहना की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाईकर्मियों एवं सुपरवाइजरों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान को सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता कार्यों में लगे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना तथा रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के प्रति सभी को प्रोत्साहित करना रहा। समारोह में सुपरवाइजर श्री रविकांत, श्री अनिल कुमार, श्री दीपक कुमार, श्री दीपू कुमार यादव एवं श्री पिंटू कुमार सहित अन्य सफाईकर्मी और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।


रिपोर्टर